
सुरेंद्र अवस्थी गुरुग्राम। राधिका की हत्या के बाद अब इंटरनेट मीडिया पर राधिका और उनके कोच अजय कुमार के बीच कुछ महीनों पहले हुई वाट़्सएप चैट का स्क्रीनशाट प्रसारित हो रहा है। इस चैट में राधिका ने लिखा था कि वह कुछ वक्त के लिए खुलकर जीना चाहती हैं। वह कुछ वक्त के लिए देश से बाहर जाना चाहती हैं। लेकिन घरवालों ने इसकी इजाजत नहीं दी। यह चैट नवंबर 2024 का है।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रही चैट में राधिका ने अपने कोच से विदेश में उनका इंतजाम करने के लिए कहा था। कहा था कि उन पर घर में बंदिशें बहुत हैं। वह घर से बाहर निकलना चाहती हैं। कुछ दिनों के लिए खुलकर आजादी से जीना चाहती हैं। जब अजय ने उनका सेटअप चीन में कराने की बात कही तो राधिका ने मना कर दिया।
ऑस्ट्रेलिया जाना चाहती थी राधिका: अजय कुमार
उन्होंने लिखा कि चीन में वह नहीं रह पाएंगी, क्योंकि वहां का खाना-पीना ठीक नहीं है। उन्होंने दुबई या आस्ट्रेलिया जाने के लिए पूछा। यह भी लिखा कि आस्ट्रेलिया में उनका कोई परिवार है और दुबई में वह खुद हैं यानी अजय कुमार है। अजय ने इसका उत्तर वाइस मैसेज से दिया। इसके बाद राधिका ने लिखा कि वह एक दो महीने बाद अक्टूबर नवंबर में जाना चाहती हैं।
उन्होंने चैट में यह भी कहा कि घर वाले तो ठीक हैं, लेकिन थोड़े टाइम स्वतंत्र रूप से रहना है। जिंदगी का मजे लेने हैं। इधर काफी पाबंदियां हैं। बाकी देखो लक्ष्य तो यही है थोड़े बहुत कोर्स कर लें। एक और चैट में राधिका अजय से कहती दिख रही हैं कि उन्होंने अपने पिता से बात की, लेकिन वह नहीं मान रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने पापा से बात की, लेकिन उन्होंने सब सुनने के बावजूद मना कर दिया है।
राधिका को 2020 से लेकर 2022 तक कोचिंग दी: अजय कुमार
इधर एक मीडिया चैनल को दिए साक्षात्कार में कोच अजय कुमार ने बताया कि उन्होंने राधिका को 2020 से लेकर 2022 तक कोचिंग दी थी। राधिका उन्हें अपना बड़ा भाई मानती थीं। राधिका के साथ उनके करिया के लिए पिता ने भी काफी हार्ड वर्क किया था। उन्हें भी यह नहीं समझ आ रहा है कि जिस पिता ने बेटी के करियर के लिए सबकुछ दांव पर लगा दिया, उसी ने उनकी जान क्यों ले ली।
राधिका की दोस्त ने कहा- घर पर काफी पाबंदियां थीं
राधिका की हत्या के बाद उनकी एक दोस्त भी इंटरनेट मीडिया पर सामने आई हैं। हिमांशिका सिंह राजपूत ने राधिका और उनके साथ माता-पिता के व्यवहार को लेकर कई बातें कही हैं। उन्होंने इसको लेकर एक वीडियो भी साझा किया है। वीडियो के साथ उन्होंने राधिका की फोटो और उनके वीडियो भी जारी किए।
हिमांशिका ने दावा किया कि राधिका को घर में घुटन होती थी। राधिका पर बहुत पाबंदियां थीं। अगर वह किसी से बात करती तो उन्हें बताना पड़ता था। उसने कहा कि वह राधिका यादव की सच्चाई जानती हैं। राधिका उनकी बेस्ट फ्रेंड थीं। पिछले आठ दस साल से बहुत क्लोज थे। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगा था कि वह इस बारे में इतनी जल्दी बात करेंगी, लेकिन उनके पास कोई दूसरी च्वाइस नहीं थी।
राधिका बहुत ही गुड नेचर की है: हिमांशिका
हिमांशिका ने कहा कि राधिका बहुत ही गुड नेचर की थीं। बहुत मासूम थीं। 18 सालों से टेनिस खेल रही थीं।उन्हें फोटो क्लिक कराना और वीडियो बनवाना बहुत ज्यादा अच्छा लगता था। धीरे-धीरे उनकी यह सब चीजें बंद हो गईं। माता-पिता ऐसे थे कि लोग क्या कहेंगे? उन पर सोसायटी का बहुत प्रेशर था। वह पहले से ही आर्थोडाक्स थे, यानी हर चीज में रोका-टोकी रहती थी। मैंने उनके साथ काफी सफर किए, लेकिन कभी किसी से बात करते नहीं देखा। वह हमेशा अपने पेरेंट्स के साथ रहती थीं।
उन्होंने कहा कि उन्हें याद है कि वीडियो कॉल पर भी उन्हें दिखाना पड़ता था कि हिमांशिका से उनकी बात हो रही है। राधिका का घर आने का टाइम फिक्स था।